प्रसिद्ध यूट्यूबर एल्विश यादव(Elvish Yadav) और हरियाणवी सिंगर राहुल यादव उर्फ फाजिलपुरिया के खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत बड़ी कार्रवाई की है। ईडी ने दोनों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल करते हुए कुल 52.49 लाख रुपये की संपत्ति अटैच की है। इनमें फाजिलपुरिया की 50 लाख की कृषि भूमि, एल्विश यादव की 84 हजार की फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) और Sky Digital की 1.24 लाख की FD शामिल है।
क्या है मामला?
यह मामला नोएडा और हरियाणा के बादशाहपुर पुलिस थानों में दर्ज दो एफआईआर पर आधारित है।
- पहली FIR: नवंबर 2023 में नोएडा में दर्ज की गई थी, जिसमें आरोप था कि कुछ एजेंट्स पार्टियों में इस्तेमाल के लिए सांप और उनका जहर सप्लाई करते थे। स्टिंग ऑपरेशन के दौरान इन एजेंट्स की गिरफ्तारी हुई और उनकी कड़ी एल्विश यादव से जुड़ी पाई गई।
- दूसरी FIR: 30 मार्च 2024 को हरियाणा के बादशाहपुर पुलिस स्टेशन में दर्ज की गई, जिसमें एल्विश यादव(Elvish Yadav) और फाजिलपुरिया पर आरोप लगा कि उन्होंने अपने म्यूजिक वीडियोज़ और व्लॉग्स में संरक्षित प्रजातियों के सांपों और विदेशी जानवरों का अवैध इस्तेमाल किया।
इन आरोपों के तहत वाइल्डलाइफ प्रोटेक्शन एक्ट, 1972 और एनिमल क्रुएल्टी एक्ट, 1960 की धाराएं लगाई गईं। वाइल्डलाइफ एक्ट की धारा 51 को “Scheduled Offence” माना गया, जो मनी लॉन्ड्रिंग की जांच के लिए आधार बना।
ED की जांच में क्या सामने आया?
ईडी की जांच के अनुसार:
- फाजिलपुरिया ने अपने यूट्यूब चैनल पर ‘32 बोरे’ नामक गाना अपलोड किया, जिसमें असली सांप और इगुआना जैसे संरक्षित जानवरों का इस्तेमाल हुआ।
- एल्विश यादव(Elvish Yadav) ने अपने चैनल Elvish Yadav Vlogs पर ‘Fazilpuria Bhai Ke Shoot Pe Russian Se Mulakat Ho Hi Gayi’ वीडियो अपलोड किया, जिसमें वही जानवर नजर आए।
- ये दोनों वीडियो Sky Digital India Pvt. Ltd. के माध्यम से अपलोड और मोनेटाइज़ किए गए।
किसको कितनी कमाई हुई?
• फाजिलपुरिया को Sky Digital से 50 लाख रुपये का एडवांस मिला, जो उनके IndusInd Bank खाते में ट्रांसफर हुआ।
• इस गाने से Sky Digital को यूट्यूब से $1477.83 (करीब ₹1.23 लाख) की कमाई हुई।
• एल्विश यादव के व्लॉग से लगभग ₹84,000 की कमाई हुई।
बड़ी कार्रवाई: खाते फ्रीज़, संपत्तियां जब्त
• एल्विश यादव, फाजिलपुरिया और Sky Digital के बैंक खाते ईडी ने फ्रीज़ कर दिए हैं।
• कंपनी के डायरेक्टर गुरकरण सिंह ढिल्लों ने स्वीकार किया कि फाजिलपुरिया को 50 लाख का भुगतान बैंक ट्रांसफर से किया गया था।
• ईडी ने सितंबर 2024 में कुल ₹52.49 लाख की संपत्ति अटैच की।
क्या माना एल्विश यादव(Elvish Yadav) ने?
ईडी के अनुसार, एल्विश यादव ने खुद इस अवैध कमाई को स्वीकार किया है। जांच में पाया गया कि वीडियो का उद्देश्य व्यूज़ और फॉलोअर्स बढ़ाकर आर्थिक लाभ कमाना था, जो अवैध तरीके से प्राप्त कमाई मानी गई।
एल्विश यादव और फाजिलपुरिया के खिलाफ यह कार्रवाई यूट्यूब और सोशल मीडिया पर अवैध गतिविधियों से कमाई करने के मामलों में एक बड़ा उदाहरण बनकर सामने आई है। ईडी की चार्जशीट के बाद अब देखना होगा कि अदालत में यह मामला किस दिशा में जाता है और क्या इन इंटरनेट सितारों को कानूनी सजा भुगतनी पड़ेगी।