भारत एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय शतरंज के सबसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंटों में से एक, फिडे(Fide) शतरंज विश्व कप की मेजबानी करने जा रहा है। यह ऐतिहासिक आयोजन 23 साल बाद भारत लौट रहा है और इस बार इसका मंच बनेगा खूबसूरत राज्य गोवा। टूर्नामेंट का आयोजन 31 अक्टूबर से 27 नवंबर 2025 तक होगा।
लोगो और थीम सॉन्ग का अनावरण
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने मंगलवार को फिडे(Fide) शतरंज टूर्नामेंट का आधिकारिक लोगो और थीम सॉन्ग लॉन्च किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन गोवा और भारत दोनों के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता भारतीय युवाओं को शतरंज के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी।
टूर्नामेंट का महत्व और पुरस्कार
आयोजकों के अनुसार, इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के विजेता को न केवल ट्रॉफी से नवाज़ा जाएगा, बल्कि उसे 2026 के कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में तीन स्थानों तक की पात्रता भी प्राप्त होगी। यह टूर्नामेंट शतरंज की विश्व चैंपियनशिप तक पहुंचने की दिशा में एक बड़ा मंच माना जाता है।
Fide: विश्व स्तरीय ग्रैंडमास्टर्स की भागीदारी
इस बार टूर्नामेंट में विश्व चैंपियन डी. गुकेश, अर्जुन एरिगेसी, आर. प्रज्ञानंद, विदित गुजराती, निहाल सरीन, अनीश गिरी, वेसली सो, इयान नेपोम्नियाश्चि जैसे विश्व स्तरीय ग्रैंडमास्टर्स भाग लेंगे। इसके अलावा, भारत की उभरती महिला सितारा दिव्या देशमुख वाइल्ड कार्ड के जरिये ओपन वर्ग में अपनी चुनौती पेश करेंगी।
भारत में शतरंज की विरासत
गौरतलब है कि भारत में आखिरी बार यह टूर्नामेंट 2002 में आयोजित हुआ था, जब विश्वनाथन आनंद ने खिताब अपने नाम किया था। अब, दो दशकों से अधिक समय के बाद, भारतीय धरती पर फिर से शतरंज की बिसात सजने जा रही है, और इस बार भारत के युवा सितारे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी चमक बिखेरने के लिए तैयार हैं


